दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर जन कल्याण समिति की ओर से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम सभागार रुड़की में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एलआईसी के प्रबंधक रमेश चंद ने कहा कि बाबा साहेब का जन्मोत्सव आज केवल देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सभी वर्गों की महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिलाया, जिसकी बदौलत आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के पदचिह्नों पर चलते हुए समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने समाज को संगठित और शिक्षित होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को आत्मसात करें और शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय की मिसाल है, जिससे प्रेरणा लेकर युवाओं को आगे बढ़ना चाहिए।
महामंत्री विनोद जयंत ने कहा कि कलम की ताकत के आगे बड़े से बड़े हथियार बेकार हैं। बाबा साहेब ने हमेशा शिक्षित और संगठित समाज पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विनोद जयंत और कोषाध्यक्ष सोहनवीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर पार्षद धीरज पाल, रिशु वर्मा, जगदीश, प्रधानाचार्य शर्मिला नागर, प्रसाद, भोपाल सिंह, धर्मवीर भारती, शिव प्रकाश, राजवीर सिंह, मांगेराम सिंह, प्रेमचंद केसरी, परशुराम, अरविंद कुमार, वेदपाल सिंह, ललित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies