
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नगर पंचायत ढंडेरा से पूर्व प्रत्याशी रहे रवि राणा मंगलवार को ढंडेरा नगर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठ गए। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बोर्ड के गठन के डेढ़ वर्ष बाद भी धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा है।
रवि राणा ने कहा कि क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, नालियां टूटी पड़ी हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जबकि अधिकांश जगहों पर लाइटें लगी ही नहीं हैं, जिससे रात में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और बोर्ड जनसमस्याओं की ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।
गौरतलब है कि नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने पूर्व में भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हाल ही में वे भाजपा में शामिल हुए हैं। ऐसे में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष का धरने पर बैठना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि रवि राणा ने स्पष्ट किया कि उनका धरना सरकार या भाजपा के खिलाफ नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विकास को लेकर है। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत को बजट न मिलने की बात सही साबित होती है तो वे तुरंत धरना समाप्त कर देंगे। उनका दावा है कि लगातार बजट आ रहा है, इसके बावजूद विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। रवि राणा ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies