दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। नगर के सती मोहल्ला में देर रात एक कार में भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण गाड़ी पूरी तरह जल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है।
फायर स्टेशन रुड़की को बुधवार रात्रि लगभग 11:00 बजे सती मोहल्ला, निकट इंदिरा पार्क, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की क्षेत्र में एक कार में भीषण आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने निसान मैग्नाइट (2021 मॉडल) कार में लगी आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि कार लगभग 90 प्रतिशत जल चुकी थी। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई और बेहतर रिस्पांस टाइम के चलते आग को आसपास फैलने से रोक दिया गया तथा कार के पेट्रोल टैंक को फटने से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों एवं नुकसान का आंकलन आवश्यक जांच के बाद किया जाएगा। संबंधित वाहन सबीना पत्नी फईम, निवासी मरदान मोहल्ला, मंगलौर के नाम पंजीकृत बताया गया है।घटनास्थल पर कोतवाली सिविल लाइन रुड़की से चेतक पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। अग्निशमन कार्य पूर्ण होने के उपरांत घटना की सूचना कंट्रोल रूम रुड़की को भी दे दी गई।
घटनास्थल पर पहुंची फायर टीम में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा,चालक विपिन सिंह तोमर और फायरमैन सुनील कुमार बंदोलिया शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies