दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।फायर स्टेशन रुड़की, जनपद हरिद्वार को गुरुवार शाम लगभग 4:15 बजे वाहन अग्निकांड संबंधी सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और समयबद्ध रिस्पांस के चलते एक बड़ी दुर्घटना होने से टाल दी गई।
घटनास्थल संकरी गली में स्थित एक गोदाम की चौथी मंजिल पर था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आई। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर 5 होज पाइप और होज रील फैलाकर पंपिंग शुरू की। गोदाम में रखी रुई, फोम, गद्दे, वायरिंग फिटिंग और अन्य ज्वलनशील सामान में भीषण आग लगी हुई थी।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया तथा आसपास के आवासीय भवनों को भी जलने से सुरक्षित बचा लिया गया।आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया तथा धुएं और गर्मी के कारण दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
गोदाम स्वामी मोहम्मद शाहिद निवासी मोहल्ला माहीग्रान, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की ने आग से लाखों रुपये के नुकसान की जानकारी दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।अग्निशमन कार्य पूर्ण होने के उपरांत घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम रुड़की को दे दी गई। फोम जैसे अति ज्वलनशील पदार्थ के कारण घटनास्थल पर जहरीले धुएं से भरे वातावरण में भी फायर यूनिट के कर्मचारियों ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
घटनास्थल पर पहुंची टीम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी उदयवीर सिंह यादव,लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा,लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी,चालक विपिन सिंह तोमर,फायरमैन जगवीर सिंह,फायरमैन दिनेश चौहान,फायरमैन देवेंद्र सिंह भंडारी,फायरमैन सुनील कुमार बंदोलिया शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies