दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जनपद हरिद्वार के प्रवेश द्वार नारसन बॉर्डर पर परिवहन विभाग द्वारा स्थापित ग्रीन कार्ड केंद्र का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी वाहनों की अनिवार्य जांच कर नियमानुसार ग्रीन कार्ड जारी किए जाएं। उन्होंने ग्रीन कार्ड केंद्र पर यात्रियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा पंजीकरण प्रक्रिया में सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा पर आने वाले वाहन चालकों से यातायात एवं सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग का भी अवलोकन किया तथा नारसन से मंगलौर के मध्य निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्य को त्वरित गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंगलौर स्थित देवबंद तिराहे पर यातायात को बाधित कर रहे विद्युत पोलों को दो दिन के भीतर हटाने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्था को दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयावधि में पोल न हटाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त, जिन स्थानों पर प्रायः जाम की स्थिति बनी रहती है, वहां राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद सेठ, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद, प्रोजेक्ट डायरेक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की विशाल गोयल, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies