दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विश्व पृथ्वी दिवस पर शेफील्ड स्कूल रुड़की में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बुधवार को शेफील्ड स्कूल रुड़की में विश्व पृथ्वी दिवस पर छात्रों ने आकर्षक पेंटिंग बनाकर धरती बचाने का आह्वान किया। नाटक के माध्यम से पृथ्वी दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए “धरती बचाओ, जीवन बचाओ” का संदेश दिया गया। छात्रों ने पेड़ों की आकृति बनाकर वृक्षों की कटाई रोकने की अपील की।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने बेकार सामग्रियों से सजावटी वस्तुएं तैयार कर उनकी प्रदर्शनी भी लगाई। और विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया तथा सभी ने पॉलिथीन का प्रयोग न करने का संकल्प लिया। विद्यालय के निदेशक डी. के. शर्मा ने छात्रों को पेड़ों के महत्व के बारे में बताते हुए जल संरक्षण और प्रदूषण रोकने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी को बचाने के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।प्रधानाचार्य डॉ. रुचि रावत ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है, इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपने आसपास के लोगों को भी प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।चंद्रकला मैडम ने सभी को प्रदूषण मुक्त भारत का संकल्प दिलाया। इस मौके पर अंकुश, अभिषेक, मोनिका त्यागी, शालिनी, प्रियंका, प्राची, विशविजय, विनय, अदिति, शिवानी, बुशरा, रूही सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों ने भाग लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies