News

23-04-2026 14:47:10

64 करोड़ के बजट को मंजूरी: मंगलौर पालिका ने सड़कों, जल निकासी और सफाई पर फोकस बढ़ाया

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। मंगलौर नगर पालिका परिषद की बृहस्पतिवार को हुई बोर्ड बैठक शहर के विकास की दृष्टि से बेहद अहम रही। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 64 करोड़ रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस बजट का मुख्य फोकस शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रखा गया है।

बैठक में स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए वार्ड नंबर 1 का नाम बदलकर ‘सैनीपुरा’ करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इसके साथ ही शहर की जर्जर और कच्ची सड़कों के कायाकल्प का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि आने वाले महीनों में मंगलौर की सड़कों की सूरत बदलती नजर आएगी।

जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लालवाड़ा और गोला तालाब क्षेत्रों में अंडरग्राउंड पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है। अब इसी तर्ज पर चोड़ी मोहल्ले में भी पाइपलाइन बिछाने की तैयारी की जा रही है, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुरू करने तथा मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए फॉगिंग और स्प्रे अभियान तेज करने का निर्णय भी लिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—मंगलौर को एक मॉडल, ग्रीन और क्लीन सिटी बनाना। इसके लिए हर स्तर पर तेजी से कार्य किया जा रहा है और बजट में जनता की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है।”

बैठक में मौजूद सभासदों ने भी विकास कार्यों पर सहमति जताते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies