News

24-04-2026 12:10:22

जिसके घर से चुराई सरसों, उसी को बेचने पहुंचे चोर! ग्रामीणों ने दबोचा; मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी..

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेटी गांव में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले गांव के एक किसान के घर से सरसों की बोरी चोरी हो गई थी। घटना की तस्वीरें घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थीं, जिसके आधार पर पीड़ित आरोपी की तलाश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को दो युवक उसी किसान के घर सरसों बेचने पहुंचे। किसान ने जब उनका हुलिया सीसीटीवी फुटेज से मिलाया तो उसे शक हो गया। उसने आसपास के लोगों को बुलाकर घेराबंदी की, जिससे एक युवक मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

पकड़े गए युवक को कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के आने तक पेड़ से बांध दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक को खोल दिया।

सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया युवक मोलना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की जानकारी पुलिस को मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies