News

26-04-2026 16:22:45

सम्मोहित कर बुजुर्गों को ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, गंगनहर पुलिस ने 24 घंटे में किया घटना का खुलासा...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। भोली-भाली जनता और खासकर बुजुर्गों को अपनी बातों में फंसाकर और सम्मोहित (Hypnotize) कर लूटने वाले एक शातिर अपराधी को कोतवाली गंगनहर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।

बीते 24 अप्रैल 2025 को सब्जी मंडी रुड़की से घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला को रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने अपनी बातों में उलझाकर सम्मोहित कर लिया। डरी-सहमी महिला को झांसे में लेकर आरोपी उसका बैग लेकर फरार हो गया था, जिसमें महिला का मोबाइल, चाबियां, आईकार्ड और करीब 6-7 हजार रुपये नकद थे। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के कड़े निर्देशों के बाद, एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव ने पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।

महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 26 अप्रैल 2026 को कब्रिस्तान मार्ग के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।


पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पकड़े गए आरोपी की पहचान सतपाल पुत्र रामशरण (59 वर्ष), निवासी मांझीपुर, छुटमलपुर जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से पीड़िता का सैमसंग मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने कुबूल किया कि वह अकेले जा रहे बुजुर्गों को निशाना बनाता था और उन्हें सम्मोहित कर धोखाधड़ी से उनका सामान पार कर देता था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) की वृद्धि की है।


 पुलिस टीम में उ0नि0 राजीव उनियाल, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हे0का0 बाबूराम भाष्कर, का0 मनमोहन सीआईयू,का0 महिपाल सीआईयू, होमगार्ड जयकान्त शामिल रहे। वहीं पुलिस ने अपील की है कि अनजान व्यक्तियों की बातों में न आएं और सतर्क रहें। पकड़े गए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies