दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। मंगलौर-लंढौरा रोड स्थित टाटा धर्म कांटे के पास शनिवार को कबाड़ के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में लपटें आसमान छूने लगीं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गोदाम के पास जाना भी मुश्किल हो रहा था।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी तत्परता और सूझबूझ से आग को आसपास के अन्य गोदामों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी के कारण आग लगी हो सकती है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies