दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। परशुराम सेना की ओर से भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में नगर में भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों से ब्राह्मण एवं त्यागी समाज के हजारों लोगों ने भागीदारी कर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नेहरू स्टेडियम से हुआ, जो सिविल लाइंस, चंद्रशेखर चौक, मेन बाजार और अनाज मंडी से होते हुए परशुराम घाट पहुंची। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद स्वरूप विभिन्न व्यंजनों का वितरण भी किया गया।
शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच युवा भजनों पर जमकर झूमते नजर आए। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
परशुराम घाट पर भगवान परशुराम की आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम संयोजक शगुन शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष और धर्म की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं।
परशुराम सेना के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और परशुराम सेना समाज के उत्थान एवं युवाओं के मार्गदर्शन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल, चेरब जैन, शिशुपाल प्रधान, सुधीर शांडिल्य, अभि पंडित, शिवम शर्मा, शशांक कौशिक, राजकुमार दुखी, राहुल शर्मा, विनय शर्मा, मयंक शर्मा, उज्ज्वल पंडित, अभिषेक शर्मा, शिवम अग्रवाल, आदित्य शर्मा, रजनीश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम की सफलता पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies