दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर के नेतृत्व में नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने गांव और कस्बों की कच्ची सड़कों से लेकर हाईवे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सईद अहमद पुत्र सुल्तान अहमद, निवासी मौहल्ला कटहेड़ा, मंगलौर को 26.28 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। वहीं पिरान कलियर थाना क्षेत्र निवासी मुनीर पुत्र रियासत और सलमान पुत्र खुर्शीद को संयुक्त रूप से 6.52 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। इस बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशे का कारोबार पनपने नहीं दिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उनि नितिन बिष्ट, उनि हेमदत्त भारद्वाज, अउनि श्याम बाबू, हेकानि अमित शर्मा, कानि हाकम सिंह और कानि पंकज चौधरी शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies