News

27-04-2026 18:59:35

ग्राम पंचायत किशनपुर जमालपुर के स्थापना व पंचायत राज दिवस पर तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य समापन

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



रुड़की। ग्राम पंचायत किशनपुर जमालपुर के स्थापना दिवस एवं पंचायत राज दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय विकास एवं सांस्कृतिक मेले का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्रन शेट्ट ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों के विकास से ही देश की वास्तविक प्रगति और उन्नति संभव है।

उन्होंने ग्राम पंचायत किशनपुर में स्वास्थ्य, सफाई, सड़क निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पंचायत अन्य ग्राम सभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्रन शेट्ट ने ग्राम प्रधान परवीन बानो तहसीन की पहल पर पांच सौ से अधिक विधवाओं, बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को सूट व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री व पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल तथा फोनिक्स ग्रुप के चेयरमैन युवा समाजसेवी चैरब जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चलाए जा रहे नारी वंदन अभियान को ग्राम पंचायत ने जमीनी स्तर पर साकार किया है।

सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी एवं उत्तराखंड भाषा संस्थान उर्दू के पूर्व उपाध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय शायर अफ़ज़ल मंगलोरी ने स्वास्थ्य कर्मियों तथा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम संयोजक पत्रकार मो. तहसीन ने बताया कि ग्राम सभा में सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। इनमें विशाल खेल मैदान का निर्माण, निःशुल्क एंबुलेंस सेवा, पंचायत भवन का निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था तथा सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं का समाधान प्रमुख हैं।

तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया गया। मुंबई से आईं कलाकार गायिका दीपा साहनी, ममता कुमारी, मेहविश और नजराना सलमानी ने देशभक्ति और रंगारंग गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन शायर अफ़ज़ल मंगलोरी ने किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम दीपक रामचन्द्र शेट्ट, ममतेश शर्मा एडवोकेट, हर्ष तिवारी, बीडीओ सुमन, सलमान फरीदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। अंत में ग्राम प्रधान परवीन बानो ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने मेले के समापन पर ऑनलाइन शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में तोषीन, राहत, शैलेन्द्र चेयरमैन, दानिश अली, डॉ. सुरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies