News

01-05-2026 11:20:29

उत्तराखंड में UCC लागू, फिर भी रुड़की में दूसरी शादी की धमकी वायरल ऑडियो में पति बोला– “रखूंगा दूसरी औरत”, पीड़िता ने लगाई इंसाफ की गुहार

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद जहां एक ओर सख्त कानून व्यवस्था की बात की जा रही है, वहीं रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और दूसरी शादी की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता अपनी 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ न्याय की मांग को लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है।रुड़की निवासी एक महिला ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई मारपीट की तस्वीरों के बाद पीड़िता ने मीडिया के सामने फोटो, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे सबूत पेश किए हैं। वायरल ऑडियो में आरोपी पति कथित तौर पर दूसरी शादी और लिव-इन रिलेशनशिप की बात करता सुनाई दे रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए व्हाट्सएप पर एक अज्ञात महिला की दुल्हन के लिबास में सजी तस्वीर भेजता है। महिला को आशंका है कि उसके पति ने गुपचुप सगाई कर ली है और जल्द ही निकाह करने की तैयारी में है।

कायनात का कहना है कि लगातार उत्पीड़न के चलते वह अपनी 6 साल की बच्ची के साथ घर से बेघर हो चुकी है। उसने उत्तराखंड सरकार और पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए सवाल उठाया कि जब प्रदेश में UCC लागू है तो उसका पति दूसरी शादी की बात खुलेआम कैसे कर रहा है।

पीड़िता ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies