
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। बहादराबाद टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से कथित दुर्व्यवहार और टोल वसूली के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने किया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारी 15 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले स्थानीय लोगों से भी जबरन टोल वसूल रहे हैं और छोटे व्यापारियों जैसे पानी व नारियल बेचने वालों को प्रताड़ित कर रहे हैं। ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा "लोकल जनता को बेवजह परेशान करना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
15 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले लोगों को नियम के अनुसार छूट मिलनी चाहिए। अगर टोल कर्मचारी मनमानी करेंगे तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी। स्थानीय लोगों का सम्मान और उनका अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।

यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव प्रणय प्रणय प्रताप सिंह ने कहा "बहादराबाद टोल पर लगातार लोकल लोगों से अभद्र व्यवहार और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। गरीब रेहड़ी-पटरी वालों को डंडे मारकर भगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने टोल प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि यदि लोकल लोगों को राहत नहीं दी गई तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के बाद टोल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि लोकल लोगों के लिए लेन नंबर 7 खोली जाएगी तथा 15 किलोमीटर तक के निवासी अपनी आईडी दिखाकर बिना परेशानी आवाजाही कर सकेंगे।आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया, लेकिन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा शिकायत मिली तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी आदि उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies