

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय के कला, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय द्वारा संस्कृति संगम नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करना तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलपति प्रो० (डॉ०) नरेंद्र शर्मा के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला प्रारंभ हुआ। जिसमें लोक नृत्य, गीत-संगीत, नाटक, एवं विभिन्न सांस्कृतिक झलकियों ने सभी का मनमोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और उत्साह से कार्यक्रम को मनमोहक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो० (डॉ०) नरेंद्र शर्मा ने अपने सम्बोधन में सभी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को बहुत सराहा और उनकी प्रशंसा की। संस्कृति संगम में मंच पर अपनी प्रस्तुति देने वाले सभी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुल सचिव अजय गोपाल शर्मा एवं विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में कला, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन प्रो० (डॉ०) श्रीपाल चौहान ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और इस प्रकार के कार्यक्रमों को आगे भी आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। “संस्कृति संगम” का यह सफल आयोजन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies