News

09-05-2026 13:11:18

राजनीतिक षड्यंत्र के तहत छवि धूमिल करने की साजिश, मदरसों की जांच से मेरा कोई लेना-देना नहीं: विधायक शहजाद

दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::


लक्सर। बसपा से लक्सर विधायक हाजी मोहम्मद शहजाद अहमद ने अपने खिलाफ चलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार को राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए स्पष्ट किया है कि मदरसों की जांच को लेकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर जो खबरें प्रसारित की जा रही हैं, उनसे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मदरसों की जो भी जांच की जा रही है, वह केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत संबंधित विभागों द्वारा की जा रही कार्रवाई है।

विधायक शहजाद ने कहा कि उन्होंने सदैव उत्तराखंड सदन में समाज के सभी वर्गों के व्यापक जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए हैं, जिनका समाधान भी हुआ है। इसी क्रम में उन्होंने धार्मिक अल्पसंख्यक (मुस्लिम समाज) के मदरसों और शिक्षा संस्थानों से जुड़े विषयों को गंभीरता से सदन में रखा। उन्होंने कहा कि सर्व समाज के हित में जो भी प्रयास संभव हो सके, उन्हें पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ाया गया है।

उन्होंने बताया कि 22 मार्च 2026 को हरिद्वार डैम कोठी में उन्होंने उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से मदरसा बोर्ड एवं मदरसों से जुड़े मुद्दों पर मदरसा संचालकों की मुलाकात कराई थी, ताकि अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकल सके और संबंधित विषयों पर सार्थक चर्चा हो।

विधायक शहजाद ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक द्वेष से प्रेरित लोग उनकी सामाजिक और जनहित की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक प्रचार और दुष्प्रचार फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाचार पत्रों और सोशल मीडिया में जिस घटना का उल्लेख किया जा रहा है, वह बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार द्वारा की गई छापामार कार्रवाई के दौरान सामने आई थी, जिसके आधार पर संबंधित विभाग द्वारा जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है।

अंत में विधायक शहजाद ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे सभी भ्रामक और षड्यंत्रकारी आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी सर्व समाज, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies