दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में शताब्दी द्वार के समीप स्थित महाराणा प्रताप चौक पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर, महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 38 यूनिट रक्तदान किया।

वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर अनीता अग्रवाल एवं राज्य मंत्री शोभाराम ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके शौर्य एवं स्वाभिमान को नमन किया।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी महाराणा प्रताप ने अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। आज युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर का आयोजन समाज सेवा की भावना से किया गया है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है, इससे बड़ा दान कोई नहीं।

कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और महाराणा प्रताप के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह, अमित राणा, दीपक भाटी, अतुल राणा, वीरेंद्र पुंडीर, विजय सिंह राणा, तेज सिंह राणा, देवी सिंह राणा, अनिल पुंडीर, सत्येंद्र राणा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies