
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
भगवानपुर। वलीमा की दावत में जश्न के नाम पर हवाई फायरिंग करना एक युवक को महंगा पड़ गया। हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर सील कर दी है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को प्रिन्स होटल, भगवानपुर में आयोजित वलीमा समारोह के दौरान शाहपुर निवासी नदीम पुत्र हाजी मोमीन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सार्वजनिक स्थान पर हवाई फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही चेतक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आए वीडियो फुटेज में आरोपी द्वारा फायरिंग करना स्पष्ट दिखाई दिया। पुलिस जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी ने अपने नाम पंजीकृत लाइसेंसी असलहे का दुरुपयोग किया है, जो आयुध अधिनियम की शर्तों का उल्लंघन है।
पुलिस ने आरोपी नदीम के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पिस्टल को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि लाइसेंसी असलहा केवल आत्मरक्षा के लिए होता है, न कि दिखावे और हवाबाज़ी के लिए। सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies