
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। NEET-UG परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक और लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं को लेकर रुड़की में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल मशाल जुलूस निकाला। युवाओं का यह आक्रोश शहर की सड़कों पर साफ दिखाई दिया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में मशालें और विरोध संदेश लिखी तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे।
मशाल जुलूस यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी के नेतृत्व में निकाला गया। जुलूस नगर निगम चौक से शुरू होकर सिविल लाइंस एवं मुख्य बाजार से होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से निकला। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रणय प्रताप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। लाखों युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण उनके सपने टूट रहे हैं।
वहीं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने भी मशाल रैली में पहुंचकर युवाओं को अपना समर्थन दिया। उन्होंने सरकार को तानाशाही रवैये वाली सरकार बताते हुए कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को बनाने के लिए नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन करता है, लेकिन सरकार परीक्षाएं रद्द कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
रैली में रुड़की शहर के पूर्व महापौर एवं कांग्रेस नेता गौरव गोयल, कांग्रेस नेता सुभाष सैनी सहित सैकड़ों युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को नहीं रोका गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies