
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली एवं गंगनहर क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ते देह व्यापार और नशे की गतिविधियों को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में एसपी देहात को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि गंगनहर पटरी,रुड़की टॉकीज तिराहे से आईआईटी के मुख्य गेट तक राज्य राजमार्ग व आसपास के इलाकों में लंबे समय से देह व्यापार और नशे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं व बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संगठन ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।विश्व हिंदू परिषद के जिला पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनआंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के जिला उपाध्यक्ष दिलीप मेंहदीरत्ता,देशबंधु गुप्ता, प्रवीण राणा,संजीव मेंहदीरत्ता,पंकज,संदीप कुमार,नीरज कुमार आदि लोग मौजूद रहे। मामले में एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies