News

17-05-2026 17:46:31

नकली दवाओं, AMR और ऑनलाइन बिक्री पर रोक की मांग: रुड़की केमिस्ट एसोसिएशन ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, 20 मई को बंद का ऐलान

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। रुड़की केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने जनपद हरिद्वार प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नकली एवं अनुचित भंडारण वाली दवाओं, एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR), मनमाने दवा मूल्य निर्धारण और ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। एसोसिएशन ने इन सभी मुद्दों को जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की अपील की है।


एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि बाजार में नकली और गलत तरीके से संग्रहीत दवाओं का खतरा बढ़ रहा है, जिससे मरीजों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से दवा आपूर्ति श्रृंखला की सघन जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बड़े कॉरपोरेट घरानों द्वारा अत्यधिक छूट (डिस्काउंट) और मनमाने मूल्य निर्धारण से छोटे केमिस्ट व्यापारियों पर विपरीत असर पड़ रहा है, जिससे दवा बाजार में असंतुलन की स्थिति बन रही है। एसोसिएशन ने वर्ष 2020 की अधिसूचना G.S.R.-220(E) तथा वर्ष 2018 की अधिसूचना G.S.R.-817(E) का हवाला देते हुए इनके प्रभावी अनुपालन की मांग की है।

इसके साथ ही RCDA ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर पूर्ण पाबंदी लगाने की मांग उठाई है। एसोसिएशन का तर्क है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दवाओं की बिक्री में प्रिस्क्रिप्शन की सत्यता, दवा की गुणवत्ता, भंडारण और वितरण की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं, जो जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिना सख्त नियंत्रण के ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाई जानी चाहिए।एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 20 मई 2026 को रुड़की क्षेत्र की मेडिकल स्टोर बंद रखकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। यह बंद जनस्वास्थ्य, दवा सुरक्षा और व्यापारियों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया जाएगा।

पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई है, ताकि मरीजों को सुरक्षित, प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकें।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies