
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। हरिद्वार-दिल्ली मार्ग को जोड़ने वाला मोहनपुरा रेलवे ओवरब्रिज इन दिनों पूरी तरह अंधेरे के साए में है। करीब 50 साल पुराने इस महत्वपूर्ण पुल पर आज तक समुचित स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं हो सकी है, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही पुल पर घना अंधेरा छा जाता है और हर दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर लाइटें न होने के कारण रात के समय आवाजाही करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। कई बार अंधेरे की वजह से हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यह पुल हरिद्वार-दिल्ली मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, बावजूद इसके यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
मामले को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदय सिंह पुंडीर ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और नगर निगम में भी भाजपा का बोर्ड होने के बावजूद जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
उन्होंने कहा कि जब सरकार एक महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज पर तक लाइटें नहीं लगवा पा रही है तो विकास के बड़े-बड़े दावे जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं हैं। उदय सिंह पुंडीर ने कहा कि मोहनपुरा रेलवे ओवरब्रिज हरिद्वार-दिल्ली मार्ग का अहम पुल है, जहां हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन पुल पर अंधेरा होने के कारण लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल पुल पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान अजय जिला महामंत्री रुड़की ग्रामीण यूथ कांग्रेस विधानसभा खानपुर, गोविंद सिद्धू, अरुण अमन, नैतिक, सोहेल, तनिष्क, राज गहगट तथा भीम कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies