दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
देहरादून।उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के आकस्मिक निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 19 मई से 21 मई 2026 तक पूरे राज्य में शोक अवधि लागू रहेगी।
अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा जारी शासनादेश में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में प्रदेश के समस्त जनपदों के सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज तीन दिन तक आधा झुका रहेगा। इस अवधि में कोई भी शासकीय मनोरंजन (ऑफिशियल एंटरटेनमेंट) कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वर्गीय खण्डूरी की अन्त्येष्टि 20 मई 2026 को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न कराई जाएगी। अन्त्येष्टि के दिन राज्य सरकार के समस्त कार्यालय बंद रहेंगे।
प्रदेश सरकार ने सभी प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों, पुलिस महानिदेशक, मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सूचना एवं लोक जनसम्पर्क विभाग को राज्य में प्रकाशित सभी दैनिक समाचार पत्रों में प्रेस विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूरी के निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies