
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। 23 वर्षीय हैप्पी के गंगनहर में डूबकर लापता होने के मामले में अब राजनीतिक रंग भी देखने को मिलने लगा है। बुधवार शाम लक्ष्मी नारायण मंदिर घाट के समीप नहर में लापता हुए युवक का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने युवक के दोस्त पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की गंभीरता से जांच और युवक की तलाश की मांग की है।

शुक्रवार को कांग्रेस की मेयर पद प्रत्याशी रह चुकीं पूजा गुप्ता परिजनों और महिलाओं के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक वास्तव में नहर में डूबा है या फिर वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ है।

पूजा गुप्ता ने आरोप लगाया कि घटना को दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस युवक की कॉल डिटेल तक नहीं निकाल पाई है और न ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। उन्होंने शहर में मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की कमी को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कई बार मांग किए जाने के बावजूद शहर के प्रमुख स्थानों पर कैमरे नहीं लगाए गए, जिससे अपराध और घटनाओं की जांच प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम कैमरे लगवाने में असमर्थ है तो वह स्वयं लोगों से एक-एक रुपया एकत्र कर शहर में कैमरे लगवाने के लिए तैयार हैं।
इस दौरान कोतवाली परिसर में काफी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। वहीं गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप सिंह ने परिजनों को मामले में उचित कार्रवाई और हर संभव जांच का आश्वासन दिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies