News

23-05-2026 12:36:32

राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा ओबीसी मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस पर साधा निशाना

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई कथित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को चंद्रशेखर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पर देश की जनता का अपमान करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की नीतियों और बयानबाजी को पूरी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि आज देश लगभग “कांग्रेस मुक्त” हो चुका है और लगातार जनसमर्थन घटने से कांग्रेस नेताओं में बौखलाहट दिखाई दे रही है। इसी कारण वे प्रधानमंत्री के खिलाफ अनर्गल और अमर्यादित बयान दे रहे हैं।

जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे विपक्ष परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की “जनविरोधी राजनीति” का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते रहेंगे।

भाजपा जिलामहामंत्री सागर गोयल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपनी भाषा और आचरण पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों से भटक चुकी है और केवल विवादित बयान देकर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी की मांग की।

इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री धीर सिंह रोड, सतीश सैनी, जसबीर पाल, वैद्य टेकबल्लभ, प्रदीप पाल, गौरव त्यागी, सोहन सिंह राणा, विकास प्रजापति, ललित पाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies