
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
भारी भीड़ के बीच परेशान परिजनों को मिली राहत, कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को सकुशल खोजा
हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व पर हर की पैड़ी क्षेत्र में उमड़ी भारी भीड़ के बीच दो मासूम बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। बच्चों के अचानक लापता होने से परिवारों में हड़कंप मच गया और परिजन बदहवास होकर उनकी तलाश में जुट गए। बाद में पुलिस की तत्परता और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार नई दिल्ली के विनोद नगर निवासी संजीव झा अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। स्नान के दौरान उनका 6 वर्षीय पुत्र आशु, जो ऑटिज्म जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, भीड़ में अचानक लापता हो गया। वहीं गजरौला, उत्तर प्रदेश से आए एक अन्य परिवार की 7 वर्षीय पुत्री निधि भी भीड़ में बिछड़ गई।
दोनों परिवारों ने काफी देर तक अपने स्तर पर बच्चों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर चौकी हर की पौड़ी पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।सूचना मिलते ही सीओ ओसिन जोशी के निर्देशन में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल क्षेत्र में सघन जांच और तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने भीड़भाड़ वाले इलाके में लगातार खोजबीन करते हुए कड़ी मेहनत के बाद दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने हरिद्वार पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies