
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। क्षेत्र के महमूदपुर में वर्षों से बनी जलभराव और नदी कटाव की समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विधायक फुरकान अहमद ने रतमऊ नदी किनारे पिचिंग कार्य और नाला निर्माण का फीता काटकर शुभारंभ किया।इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।
इस दौरान विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि महमूदपुर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में हालात और अधिक गंभीर हो जाते थे।जिससे घरों और रास्तों में जलभराव की समस्या बनी रहती थी। नाले के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने के बावजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से भूमि की व्यवस्था कर कार्य शुरू कराया गया है।
उन्होंने बताया कि रतमऊ नदी का बहाव लगातार महमूदपुर की ओर होने से भूमि कटाव का खतरा बढ़ रहा था।जिससे स्थानीय लोगो की जमीन प्रभावित हो रही थी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए आपदा मद के तहत सिंचाई विभाग द्वारा नदी किनारे पिचिंग कार्य शुरू कराया गया है।जिससे कटाव पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि नाला निर्माण और पिचिंग कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव और कटाव जैसी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी। 
स्थानीय लोगों ने भी कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर डॉ. शहजाद अली, मोहसिन सिद्दीकी, कल्लू त्यागी, अहसान ठेकेदार, इमरान उर्फ मन्ना, नवीस अहमद, डॉ. पप्पू, महबूब, जरीफ, सुहैल आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies