
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। रामनगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित माँ भगवती का पाँचवाँ विशाल जागरण श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। युवा सेवा समिति, रामनगर रुड़की द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भगवती के दरबार में पूजा-अर्चना एवं ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर माँ भगवती के दरबार में माथा टेका और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। जागरण मंडल समिति द्वारा कैबिनेट मंत्री सहित सभी अतिथियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में सा.रे.गा.मा.पा. लिटिल चैंप से प्रसिद्ध गायक हर्ष सिकंदर तथा जम्मू से आए भजन गायक अंकुश शर्मा ने माँ का गुणगान कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी रात भजन संध्या का दौर चलता रहा और श्रद्धालु माता के भजनों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माँ वैष्णो देवी का भव्य दरबार रहा, जिसे बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजय अरोड़ा, गौरव कौशिक, अक्षय प्रताप, पार्षद पंकज सतीजा, शोभाराम प्रजापति, भाजपा युवा जिला अध्यक्ष विभोर सेठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में गौरव मेंहदीरत्ता, ललित शर्मा, सुशांत बत्रा, वंश चांदना, तुषार मनचंदा, नितेश ग्रोवर, दिव्यांश शर्मा, नमन बत्रा, आदि दुआ, सौरव मिश्रा, तरुण पिपलानी एवं रॉबिन पचनंदा सहित समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies