
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी ने की।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। गोष्ठी के दौरान सीओ अभिनय चौधरी ने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया। सीओ ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से नागरिकों से नशे की तस्करी में लिप्त अपराधियों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies