
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। तहसील रुड़की में रविवार को उत्तराखंड संग्रह अमीन संघ का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए संग्रह अमीनों ने प्रतिभाग किया। अधिवेशन में संगठन की विभिन्न समस्याओं, मांगों तथा कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिवेशन के दौरान प्रांतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन भी शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति के वातावरण में संपन्न कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें अध्यक्ष पद पर दिनेश बिजवाण, उपाध्यक्ष पद पर देवेश अधिकारी, सचिव पद पर त्रिलोक रावत, सह सचिव पद पर सच्चिदानंद डोभाल तथा कोषाध्यक्ष पद पर दिवाकर बहुगुणा को निर्वाचित किया गया।
इसके अलावा हंसागिरी गोस्वामी को संरक्षक एवं महावीर प्रसाद रतूड़ी को संयोजक सहित कुल नौ पदाधिकारियों का चयन किया गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अधिवेशन में उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
अधिवेशन में वक्ताओं ने संग्रह अमीन संवर्ग की सेवा संबंधी समस्याओं, विभागीय कार्यों के आधुनिकीकरण, कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा को लेकर अपने विचार रखे।कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता बनाए रखने और कर्मचारी हितों की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies