News

25-05-2026 19:52:44

महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस की झोटा-बुग्गी यात्रा, हरीश रावत ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। नगर में बढ़ती महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झोटा-बुग्गी यात्रा निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मुख्य रूप से मौजूद रहे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि महंगाई की मार आम जनता झेल रही है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने झोटा-बुग्गी यात्रा के माध्यम से जनता की आवाज उठाने का काम किया है। रावत ने कहा कि आज जनता कांग्रेस को पुकार रही है और कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को मजबूती के साथ जनता की समस्याओं को उठाना होगा।

उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता था तब सरकार और बड़े उद्योगपतियों ने जमकर मुनाफा कमाया, लेकिन अब तेल महंगा होने पर उसका पूरा बोझ जनता पर डाल दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री लोगों को पेट्रोल और ईंधन का कम इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोना खरीदने जैसी चीजों पर भी पाबंदियां लगाई जा रही हैं।

हरीश रावत ने नीट पेपर लीक मामले को सरकार की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि इस घटना से छात्रों और उनके अभिभावकों पर मानसिक एवं आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकारों को नीट परीक्षा देने जाने वाले छात्रों के लिए बस यात्रा निःशुल्क करनी चाहिए।ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेशभर में जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन चला रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मामलों ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है।कार्यक्रम संयोजक एवं युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव प्रणय प्रताप ने कहा कि झोटा-बुग्गी यात्रा के माध्यम से जनता को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि कांग्रेस आम लोगों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी, हरिद्वार अध्यक्ष राजीव चौधरी, विकास त्यागी, राव बिलावर, राव आफाक, हरविंदर सिंह, मेनपाल भड़ाना, आशीष चौधरी, गौरव प्रधान, भूषण त्यागी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies