News

28-05-2026 11:53:35

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़ा रुड़की का युवक गिरफ्तार, ढंडेरा में हड़कंप

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) और एसटीएफ (STF) की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र के ढंडेरा निवासी मुशर्रफ को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है। जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े हुए थे और सोशल मीडिया व वीडियो कॉलिंग एप के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे।

जानकारी के अनुसार यूपी एटीएस और एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें सहारनपुर निवासी महकाब, शाहरुख, मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह और हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी मुशर्रफ शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार ये सभी आरोपी पाकिस्तानी नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के साथ-साथ देश विरोधी गतिविधियों की साजिश में शामिल थे।

रुड़की के ढंडेरा निवासी मुशर्रफ की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि एजेंसियां पिछले कुछ समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो कॉलिंग एप के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स से लगातार संपर्क में था। एजेंसियों को संदेह है कि नेटवर्क का मकसद युवाओं को जोड़कर देश के भीतर स्लीपर सेल को मजबूत करना था।

एटीएस सूत्रों के अनुसार आरोपियों पर देश के संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक पहुंचाने का आरोप है। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच कर रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि सहारनपुर निवासी महकाब और गगनदीप उर्फ गुरी सिंह की मुलाकात मार्च महीने में नोएडा में हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आतंकी गतिविधियों के लिए हथियारों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पूरे नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई गई और संयुक्त कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यूपी एटीएस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ लखनऊ स्थित एटीएस थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इनके संपर्क किन-किन स्थानों तक फैले हुए हैं।

रुड़की क्षेत्र से आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies