News

28-05-2026 12:51:57

सुभाष नगर खाटू श्याम मंदिर में 30 तारीख से श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, निकलेगी कलश यात्रा...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। सुभाष नगर स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम मंदिर में आगामी 30 तारीख से पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली यह पाँचवीं कथा है, जो क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और पुण्य कमाने का एक अनुपम अवसर लेकर आई है।


पंडित जगदीश पेैन्यूली ने बताया कि कथा के पहले दिन 30 मई से प्रातः 8:30 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रतिदिन अपराह्न 3:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक श्रद्धालु भगवान की दिव्य कथा का रसपान कर सकेंगे। कथा व्यास के रूप में ज्योतिष आचार्य पंडित जगदीश प्रसाद पैन्यूली अपने मुखारविंद से भक्तों को श्रीमद्भागवत का मर्म समझाएंगे।


आचार्य रजनीश शास्त्री ने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू धर्म में पुरुषोत्तम मास का विशेष स्थान है। इस पवित्र महीने में किया गया थोड़ा बहुत भी दान-पुण्य, कथा श्रवण और कीर्तन, आम दिनों के मुकाबले 32 गुना (32 महीने के बराबर) अधिक फल प्रदान करता है। इस महीने की मुख्य विशेषता दीपदान और तीर्थ यात्रा है। भगवान के आशीर्वाद और जनकल्याण के लिए ही इस विशेष कथा का आयोजन किया जा रहा है।

इस कथा का मुख्य उद्देश्य मंदिर निर्माण को गति देना है। मंदिर समिति का परिसर में सभी 18 पुराणों की कथा संपन्न कराने का एक महा-संकल्प है, जिसके तहत वर्तमान में यह चौथा पुराण आयोजित किया जा रहा है। आकर्षण का केंद्र हैं दिव्य मूर्तिया सुभाष नगर का यह खाटू श्याम मंदिर अपनी दिव्यता के लिए जाना जाता है। मंदिर परिसर में अद्भुत नर्मदेश्वर स्फटिक शिवलिंग विराजमान हैं, जिनके दर्शन मात्र से कष्ट दूर होते हैं। इसके साथ ही, बाबा खाटू श्याम जी की भव्य व दिव्य मूर्ति और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली माँ भगवती की अष्टधातु से निर्मित अलौकिक प्रतिमा यहाँ स्थापित है, जो श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र बनी हुई है।


मंदिर समिति ने सभी क्षेत्रीय श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कलश यात्रा, कथा श्रवण और महाप्रसाद का लाभ उठाने तथा पुण्य का भागी बनने की अपील की है। इस मौके पर आचार्य प्रकाश, आचार्य नरेश, अनुज नोटियाल, मुख्य यजमान हर्ष सैनी,जगदीश देशप्रेमी, कृष्ण सैनी, आदि शामिल रहे।


Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies