News

30-05-2026 21:59:14

भक्ति और उल्लास के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, विदेशी भक्तों के हरिनाम संकीर्तन ने मोहा मन

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। शहर में शनिवार को भगवान श्री जगन्नाथ शोभायात्रा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्राचीन श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर, सिविल लाइंस से भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा देवी और बलदेव जी का दिव्य रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने संयुक्त रूप से भगवान की आरती उतारकर और रथ खींचकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।

रथयात्रा शुरू होते ही पूरा क्षेत्र भगवान जगन्नाथ के जयघोष और "हरे कृष्णा, हरे रामा" के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। इस बार यात्रा का मुख्य आकर्षण देश-विदेश से पहुंचे वैष्णव भक्तों का विशेष हरिनाम संकीर्तन रहा। पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में विदेशी श्रद्धालुओं को भक्ति संगीत पर झूमते और संकीर्तन करते देख मार्ग में खड़े श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

श्रीधाम वृन्दावन के राधारमण दास के संरक्षण में आयोजित महोत्सव में भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम संयोजक समिति की ओर से हर्षुल तायल ने बताया दोपहर दो बजे से मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। भगवान जगन्नाथ के स्वागत और हरिनाम संकीर्तन के बाद दोपहर ढाई बजे छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात विद्वान संतों ने पूजा-अर्चना एवं धार्मिक प्रवचन किए।

शाम चार बजे जैसे ही भगवान का रथ मंदिर परिसर से बाहर निकला, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रथयात्रा सिविल लाइंस से नया पुल, बीटी गंज, मेन बाजार, सब्जी मंडी चौक, पुराना पुल, नगर निगम, प्रेम मंदिर और हरिद्वार रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह व्यापारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्प वर्षा, शीतल जल और शरबत वितरण की व्यवस्था की।

रुड़की टॉकीज मार्ग से होते हुए यात्रा पुनः सिविल लाइंस स्थित शिव मंदिर पर संपन्न होगी, जहां देर रात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।आयोजन को सफल बनाने में शहर के अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, व्यापारियों और समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर दीपक कंसल, विनायक गुप्ता, संजय सिंघल, शिवीन सिंघल, मनोज सिंघल, अनुभव कंसल, प्रमोद गोयल, विशाल गोयल, सागर गोयल, प्रवीन कुमार तायल, हर्षुल कुमार तायल, सुभाष सिंघल, सजल सिंघल, अंकित सिंघल, हिमांशु आहूजा, गौरव संगल, अंकित आहूजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies