
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर रविवार को देवी अहिल्याबाई होल्कर समाज कल्याण समिति (रजि.) के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ ढंडेरा स्थित दुर्गा माता मंदिर से धार्मिक विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

शोभायात्रा ढंडेरा से प्रारंभ होकर मिलाप नगर, मोहनपुरा, देवी अहिल्याबाई गेट, गोल चौराहा, रुड़की टॉकीज चौक और सिविल लाइंस बाजार से होते हुए श्री लक्ष्मी नारायण घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। बैंड-बाजों, धार्मिक झांकियों और जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता मदन कौशिक एवं रुड़की महापौर अनीता अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्श शासन, सामाजिक कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें नारी शक्ति और जनसेवा की प्रेरणा बताया।
समिति के अध्यक्ष रामकुमार पाल, संरक्षक राजेंद्र पाल सिंह, देवराज पाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन समाज को सेवा, समर्पण और संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मुकेश कुमार पाल, कृष्ण पाल, मुनेश कुमार, सतीश चंद्र, धर्मेंद्र पाल, चंद्रपाल, दिनेश पाल, प्रदीप, वेदपाल, मोंटी पाल, संजय पाल, ऋषि पाल, विपिन पाल, नकली राम, शिवकुमार पाल, सुखपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies