
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस ने रविवार को बाजार क्षेत्र में सख्त अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े रेडी, ठेली और ई-रिक्शों को भी हटवाया गया और लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। पुलिस की कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हलचल बनी रही।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में फव्वारा चौक, मुख्य बाजार, दरगाह मुख्य गेट, पहाड़ी बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अभियान चलाकर सड़क किनारे रखे सामान, अस्थायी दुकानें और मार्ग बाधित कर खड़े ई-रिक्शों,रेडी, ठेली को हटवाया गया, जिससे रास्तों पर आवागमन सुचारु कराया जा सके।पुलिस ने दुकानदारों, रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि दरगाह में आने वाले जायरीनों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि दरगाह क्षेत्र को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी,कॉन्स्टेबल प्रकाश मनराल,मुकेश नेगी,नीरज राना आदि शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies