
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। कोतवाली क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव में समर्सिबल लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, लाठी-डंडे और पत्थर चलने से छह लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर महिलाओं सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मेहवड़ कलां गांव में समर्सिबल लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और ईंट-पत्थर चलने लगे। संघर्ष में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल भी कराया है।

एक पक्ष के नरेश कुमार सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पारिवारिक संपत्ति से जुड़े पुराने विवाद के चलते विनयराज सिंह और उनके परिवार के सदस्य शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दुकानों के सामने समर्सिबल लगाने पहुंचे तथा दुकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, लोहे की सरिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष के विनयराज सिंह ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर समर्सिबल नलकूप का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies