
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। जनपद हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में कृषि बीज भंडार को लेकर जारी टेंडर प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस भवन के ध्वस्तीकरण के लिए निविदा जारी की गई थी, उसे टेंडर की निर्धारित तिथि से पहले ही ध्वस्त कर दिया गया।


मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की ओर से कृषि बीज भंडार के ध्वस्तीकरण हेतु निविदा आमंत्रित की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार निविदा खोलने की निर्धारित तिथि 2 जून 2026 थी, लेकिन आरोप है कि संबंधित भवन को 31 मई और 1 जून को ही ध्वस्त कर दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भवन से निकले पुराने सरिया, लकड़ी और अन्य सामग्री को कथित रूप से कबाड़ी को बेच दिया गया, जिससे राज्य को आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के कारण इच्छुक ठेकेदारों को निविदा प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर भी नहीं मिल पाया।

शिकायतकर्ता कुलदीप सैनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सरकारी संपत्ति की कथित क्षति की भरपाई संबंधित लोगों के वेतन से कराने की मांग की है।शिकायत के साथ समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने का भी दावा किया गया है। अब देखना होगा कि शासन स्तर पर इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई जाती है या नहीं।
वहीं शिकायत में लगाए गए आरोप के बारे में संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies