दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट ने संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य पंकज सिंघल के आवास स्थित सीताराम वाटिका में आयोजित किया गया, जहां पर्यावरण संकट, जल संरक्षण और वृक्षारोपण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य पंकज सिंघल ने प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व सदस्य (वन एवं पर्यावरण) विकास त्यागी को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पटका पहनाकर सम्मानित किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विकास त्यागी ने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग और मौसम चक्र में हो रहे अनियंत्रित बदलाव पूरी मानवता के लिए गंभीर चेतावनी हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने और पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में जीआईसी इंटर कॉलेज परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इस दौरान नीम, आंवला और अर्जुन जैसे औषधीय पौधों के साथ-साथ चीकू और अमरूद के फलदार पौधे लगाए गए। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने छात्रों और शिक्षकों को पौधों की नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी सौंपी, ताकि ये पौधे भविष्य में छायादार और उपयोगी वृक्ष बन सकें।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विक्रांत पुंडीर ने कहा कि आर्थिक और भौतिक विकास आवश्यक है, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर हासिल किया गया विकास अंततः विनाश का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन को भी उतनी ही प्राथमिकता देता है।
अभियान के तहत नेहरू नगर स्थित सीताराम वाटिका में एक भावनात्मक पहल भी देखने को मिली। यहां पंकज सिंघल ने अपने दिवंगत पिता की स्मृति में आंवले का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर हार्दिक त्यागी और पंकज सिंघल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों अथवा पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के सदस्यों ने वर्षभर नए पौधे लगाने, जन-जागरूकता रैलियां आयोजित करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए निरंतर अभियान चलाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुल्की राज सैनी, हार्दिक त्यागी, हरप्रीत, विनय कुमार, सौरभ त्यागी, प्रदीप त्यागी, मनोज शर्मा सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies