
अमर होंडा के मेगा रोड सेफ्टी जागरूकता अभियान में पुलिस कर्मियों और राहगीरों को वितरित किए हेलमेट, अधिकारियों को भेंट किए गए पौधे
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अमर होंडा द्वारा सिविल लाइन कोतवाली परिसर में एक भव्य मेगा रोड सेफ्टी अवेयरनेस अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस कर्मियों, राहगीरों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट वितरित किए गए तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अमर होंडा द्वारा वितरित किए जा रहे हेलमेट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से सफल होने वाला जनअभियान है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों को हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।
इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी हेलमेट का नियमित उपयोग करना चाहिए।एसपी देहात ने कहा कि जिस प्रकार हेलमेट व्यक्ति के जीवन की रक्षा करता है, उसी प्रकार पेड़-पौधे मानव जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा करते हैं। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ-साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।
इस दौरान सीओ रुड़की ओसीन जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट तथा एसएसआई धर्मेंद्र राठी भी मौजूद रहे। अमर होंडा के निदेशक राहुल सिंघल एवं नितिन सिंघल ने शोरूम के कर्मचारियों के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों और राहगीरों को हेलमेट वितरित किए तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में अमर होंडा की ओर से एसपी देहात, सीओ रुड़की एवं अन्य अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

अमर होंडा के निदेशक राहुल सिंघल एवं नितिन सिंघल ने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में लगातार भागीदारी निभाती रही है। सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही ऐसे विषय हैं, जिनके प्रति समाज को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, पुलिस कर्मियों एवं नागरिकों ने हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित जीवन, जिम्मेदार यातायात और हरित पर्यावरण का प्रभावी संदेश दिया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies