News

05-06-2026 17:50:39

किशोरी से छेड़छाड़, मारपीट और अपहरण के प्रयास का आरोप, मानसिक तनाव में खाया जहरीला पदार्थ

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। कलियर कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना से आहत किशोरी द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन जून को उसकी पुत्री अपने ममेरे भाई के साथ मुजफ्फरनगर स्थित नानी के घर जा रही थी। आरोप है कि जैसे ही दोनों कोर कॉलेज के पास पहुंचे, पड़ोस के कुछ युवकों ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोपियों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की, उसके साथ मारपीट की तथा उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।

परिजनों के अनुसार जब किशोरी और उसके ममेरे भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान किशोरी का ममेरा भाई घायल हो गया। आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।महिला का कहना है कि चार जून को जब वह इस मामले की शिकायत करने के लिए पुलिस के पास जा रहे थे, तब भी आरोपियों ने रास्ते में रोकने का प्रयास किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

परिजनों के मुताबिक घटना के बाद किशोरी मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। इसी तनाव के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।मामले में सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पीड़ित पक्ष आज उनके पास पहुंचा था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies