
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत रुड़की नगर निगम को नया नगर आयुक्त दे दिया है। नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत राकेश तिवारी का तबादला कर उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून एवं संयुक्त सचिव एमडीडीए की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह गोपाल राम बिनवाल को रुड़की नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

कार्मिक विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी तबादला आदेशों के अनुसार यह बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। रुड़की नगर निगम में नए नगर आयुक्त की तैनाती के बाद शहर की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों, कर वसूली और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

तबादला सूची में अन्य अधिकारियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून एवं संयुक्त सचिव एमडीडीए प्रत्युष सिंह को हरिद्वार विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। वहीं आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को विशेष सचिव गृह के पद से अवमुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार उप सचिव कार्मिक दीपक कुमार की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि इनमें से कई तबादले भारत निर्वाचन आयोग के हालिया दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए गए हैं।
रुड़की में अब निगाहें नए नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के कार्यभार संभालने और उनकी प्राथमिकताओं पर टिकी हैं, क्योंकि नगर निगम क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं और जनहित के कार्य लंबित हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies