दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। नगर निगम के वार्ड नंबर 33 स्थित सोत मोहल्ला में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने टीम का घेराव कर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया और स्पष्ट कहा कि जब तक शहर के अन्य वार्डों में यह व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक उनके क्षेत्र में स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने दिए जाएंगे। मौके पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।

जानकारी के अनुसार अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम विजिलेंस कर्मियों के साथ सोत मोहल्ला पहुंची थी। स्मार्ट मीटर लगाए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। पार्षद हाजी फजलुर्रहमान, पार्षद संजीव राय ‘टोनी’, कांग्रेस नेता मोहम्मद मुबश्शीर, अनस अंसारी सहित अन्य लोगों के नेतृत्व में नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर अपना विरोध दर्ज कराया।

स्थानीय लोगों का कहना था कि उनका वार्ड नगर निगम का 33वां वार्ड है। यदि पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना लागू की जा रही है तो इसकी शुरुआत वार्ड नंबर एक से होनी चाहिए। उनका तर्क था कि क्रमवार सभी 32 वार्डों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद ही उनके वार्ड में यह प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विरोध के दौरान स्थिति तब और गर्मा गई जब अधिशासी अभियंता ने कहा कि विभाग निर्धारित योजना के अनुसार हर हाल में स्मार्ट मीटर लगाएगा। इस बयान पर लोग आक्रोशित हो गए और विरोध तेज हो गया। काफी देर तक चले गतिरोध के बाद विभागीय टीम को बिना मीटर लगाए वापस लौटना पड़ा।
अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा ने बताया कि विभाग नियमानुसार स्मार्ट मीटर स्थापित करने पहुंचा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के मन में जो आशंकाएं और भ्रांतियां हैं, उन्हें संवाद के माध्यम से दूर किया जाएगा और सहमति बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies