
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ₹5000 के इनामी बदमाश और दुष्कर्म के नामजद आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम सलमान (उम्र 27 वर्ष) है, जो झबरेड़ा क्षेत्र के लाठर देवा शेख का निवासी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सलमान उसकी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर तुरंत पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस से बचने के लिए शातिर सलमान लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार पुलिस के बढ़ते दबाव और मुखबिर तंत्र की मदद से शनिवार को गंगनहर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ (BNS) की धारा 137(2), 87, 64(2)(m) और पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) की धारा 5(n)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उप निरीक्षक मनसा ध्यानी और कांस्टेबल बलराम शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies