News

11-06-2026 14:15:30

CSC सेंटरों के खातों से साइबर ठगी की रकम खपाने वाला गिरोह बेनकाब, लक्सर पुलिस ने दो शातिर दबोचे

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



लक्सर। लक्सर पुलिस, साइबर सेल और सीआईयू रुड़की की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.48 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई रकम को छिपाने के लिए CSC सेंटरों और पेट्रोल पंपों के खातों का म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करता था। आरोपी दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को भावनात्मक कहानियां सुनाकर नकद रुपये लेते थे और बदले में उनके खातों में ऑनलाइन धनराशि ट्रांसफर कर देते थे। बाद में जब खाते साइबर फ्रॉड की शिकायतों के चलते फ्रीज हो जाते थे, तब पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास होता था।

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों को CSC सेंटरों के QR कोड और स्कैनर उपलब्ध कराते थे। विशेष रूप से तैयार की गई APK फाइलों और अन्य साइबर माध्यमों से आम लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी की जाती थी। ठगी की रकम सीधे संचालकों के खातों में डाली जाती थी, जिससे धन के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके। इसके बाद आरोपी नकद रकम लेकर विभिन्न कैश डिपॉजिट मशीनों के माध्यम से अपने साथियों द्वारा बताए गए खातों में जमा कर देते थे। इस प्रक्रिया से साइबर अपराध की रकम की लेयरिंग कर जांच एजेंसियों को गुमराह करने का प्रयास किया जाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब दाबकी कला निवासी मनीष कुमार और सुशील कुमार ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई। दोनों सेंटर संचालकों ने बताया कि आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे नकद रकम ली और उनके खातों में संदिग्ध माध्यम से पैसे जमा करा दिए। बाद में खाते फ्रीज होने पर उन्हें साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन की जानकारी मिली।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट से कई QR कोड और स्क्रीनशॉट बरामद हुए, जिनका मिलान पीड़ितों द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज से किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित चौहान (29 वर्ष), निवासी शाहपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर और विशाल चौहान (28 वर्ष), निवासी शाहपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर शामिल हैं। 

अंकित चौहान से 80 हजार रुपये नकद और विशाल चौहान से 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies