
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। जीआरपी रुड़की ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल फोन खोजकर उसे वापस सौंप दिया। मोबाइल मिलने के बाद यात्री के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उसने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 12 जून 2026 को गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन रुड़की पहुंची। इसी दौरान प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों को एक रियलमी कंपनी का ग्रे रंग का मोबाइल फोन लावारिस हालत में पड़ा मिला। पुलिसकर्मी मोबाइल को सुरक्षित रूप से जीआरपी चौकी ले आए और उसके स्वामी की तलाश शुरू की।

जांच-पड़ताल के दौरान मोबाइल में उपलब्ध जानकारी और नंबरों के आधार पर उसके मालिक की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद शफी निवासी पटना, थाना ज्वालापुर, जिला किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई। मोहम्मद आसिफ अपने साथियों के साथ जम्मू-कश्मीर से कलियर शरीफ जियारत के लिए आया हुआ था।
जीआरपी ने तत्काल संपर्क कर मोहम्मद आसिफ को चौकी पर बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन उसके सुपुर्द कर दिया गया। अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर आसिफ बेहद खुश नजर आया और उसने जीआरपी रुड़की की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया।

जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी खोई हुई वस्तुओं को सही मालिक तक पहुंचाना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जा रहा है। पुलिस टीम में एडीएसआई गिरीश चंद्र उनियाल,हेड कांस्टेबल ओमपाल सिंह,हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध त्यागी,आशीष कुमार,कांस्टेबल अजय कुमार,चंद्रकिरण,सन्नी कुमार ममता और सोनम शामिल रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies