
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
हरिद्वार/कलियर। जनपद में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के FoSTaC कार्यक्रम के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं का प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले में करीब 750 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया जाना है।


सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षण एवं औषधि महिमानन्द जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 9, 10 और 11 जून को हरिद्वार क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में फूड वेंडर्स ने प्रतिभाग किया। वहीं 13 से 15 जून तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शेष विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बैच में करीब 50 वेंडर्स को शामिल कर खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित भोजन निर्माण, व्यक्तिगत हाइजीन और ग्राहक सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान वेंडर्स को साफ पानी के उपयोग, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ बर्तनों के प्रयोग तथा कार्यस्थल को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2006 के तहत पंजीकरण और लाइसेंस की अनिवार्यता की जानकारी भी दी गई।शनिवार को पिरान कलियर स्थित रही गेस्ट हाउस में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेशनल स्ट्रीट वेंडर ऑफ इंडिया के राजीव उपाध्याय, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानन्द जोशी तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को जिम्मेदार और प्रशिक्षित बनाना है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies