News

13-06-2026 22:16:47

नाले की मांग को लेकर शिवपुरम का आंदोलन तेज,धरना स्थल पर पहुंचे विधायक वीरेंद्र जाति

क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, जल्द समाधान का दिया भरोसा; संबोधन के दौरान हुई कहासुनी से कुछ देर गरमाया माहौल


दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


रुड़की। पनियाला रोड स्थित शिवपुरम में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान और पक्के नाले के निर्माण की मांग को लेकर शिवपुरम जनकल्याण समिति का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को झबरेड़ा विधायक Virendra Jati कांग्रेस नेताओं और समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे तथा क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि क्षेत्र की जनता चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों पर विश्वास जताकर उन्हें विधानसभा और संसद तक पहुंचाती है, लेकिन कई बार जनता की मूलभूत समस्याएं वर्षों तक जस की तस बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह मायने नहीं रखता कि किस व्यक्ति ने उन्हें वोट दिया और किसने नहीं, क्योंकि एक जनप्रतिनिधि के रूप में वह पूरे क्षेत्र की जनता के सेवक हैं।

उन्होंने कहा कि शिवपुरम क्षेत्र की जल निकासी समस्या को लेकर वह लगातार शासन और संबंधित विभागों के संपर्क में हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही नाले के निर्माण कार्य को शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनका दायित्व है। वह क्षेत्र की प्रत्येक समस्या को गंभीरता से उठा रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे।इस दौरान कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता, महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, कांग्रेस नेता विकास त्यागी,अधिवक्ता महिपाल चौधरी,रहीमपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद नदीम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

वहीं, शिवपुरम जनकल्याण समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संरक्षक तथा रुड़की नगर निगम के पूर्व नामित पार्षद सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासी वर्षों से जल निकासी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। बरसात के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि समिति का यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के हितों के लिए चलाया जा रहा है।

सतीश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि जब तक पक्के नाले के निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने जल्द कोई निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

संबोधन के दौरान हुई नोकझोंक

धरना स्थल पर विधायक वीरेंद्र जाति के संबोधन के दौरान उनके निजी सहायक और कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। विधायक के निजी सहायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा विधायक के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया।

हालांकि, स्थानीय लोगों ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराना है। बाद में वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और धरना कार्यक्रम पूर्ववत जारी रहा।

धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर नाले का निर्माण होते देखना चाहती है। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर शिवपुरम को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग की।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies