
दैनिक रुड़की (इकराम अली):::
पिरान कलियर। बाजूहेड़ी के पास कांवड़ पटरी पर सड़क किनारे एक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बाजूहेड़ी के निकट कांवड़ पटरी पर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस के मुताबिक मृतक के हाथ पर “नसीम” नाम का टैटू गुदा हुआ है। उसने गले में काला गमछा पहन रखा था,जबकि नेवी ब्लू रंग की नेकर और आसमानी व सफेद रंग की चेकदार लुंगी पहने हुए हुए हैं।कलियर कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि मृतक व्यक्ति घुमंतू प्रवृत्ति का प्रतीत हो रहा है। शव को मोर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies